इंजीनियरिंग कॉमन एंट्रेंस पर राज्य राजी
नई दिल्ली। आइआइटी सहित अन्य राष्ट्रीय-केंद्रीय इंजीनियरिंग शिक्षा संस्थानों में कॉमन एंट्रेंस टेस्ट पर राज्य भी रजामंद होते दिख रहे हैं। मंगलवार को यहां सभी राज्यों के संबंधित विभागों के मंत्रियों की बैठक में कॉमन एंट्रेंस पर सहमति बनती नजर आई। इससे पहले राज्य इस व्यवस्था के लिए राजी नहीं थे। बैठक में उत्तर प्रदेश और बिहार को छोड़ अन्य राज्यों ने एकमत से कॉमन एंट्रेंस के लिए सहमति जताई। यूपी के मंत्री राम गोविंद चौधरी ने बैठक में कहा कि वे इस पर फिलहाल रजामंदी देने की स्थिति में नहीं हैं। उन्हें इस व्यवस्था को लेकर कुछ आपत्तियां हैं, जिन पर राज्य सरकार से एक बार पुन: विमर्श करने के बाद ही कोई फैसला हो सकता है। बिहार ने भी कुछ तकनीकी समस्याओं का जिक्र किया। इनके अलावा शेष राज्यों ने कॉमन एंट्रेंस को हरी झंडी दे दी है।